राज्यस्तरीय पुरस्कार के लिए शिक्षा विभाग ने 30 नवम्बर तक मांगे आवेदन

 

शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में हिमाचल दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए शिक्षा विभाग ने नामांकन आमंत्रित किए हैं। इनमें सिविल सर्विस अवॉर्ड, प्रेरणा स्रोत सम्मान और हिमाचल गौरव पुरस्कार शामिल हैं। इन पुरस्कारों के लिए पात्र व्यक्तियों के नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 नवंबर 2026 तक भेजने होंगे।

उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, ये तीनों पुरस्कार हर वर्ष 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं। पुरस्कारों के लिए विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सिफारिशों के आधार पर चयन किया जाता है। निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे योग्य व्यक्तियों के नामांकन निर्धारित प्रपत्र पर ही भेजें। नामांकन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज और हिंदी में अधिकतम दो पृष्ठों का संक्षिप्त विवरण संलग्न करना अनिवार्य होगा।

इस जानकारी में संबंधित व्यक्ति की विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों तथा सेवाओं का स्पष्ट उल्लेख करना होगा, ताकि पुरस्कार के लिए उनकी पात्रता और योगदान को उचित आधार मिल सके। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि नामांकन 30 नवंबर 2026 तक ई-मेल पर भेजने के साथ-साथ इसकी हार्ड कॉपी भी उच्च शिक्षा निदेशालय को उपलब्ध करवानी होगी। इसके बाद प्राप्त नामांकन राज्य स्तरीय समिति के विचारार्थ भेजे जाएंगे। यह समिति वर्ष 2027 के राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए प्राप्त नामांकनों की जांच और छंटनी करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा