श्रावण मास में मंडी के कई केंद्रों पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक पूजा
मंडी, 06 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के पावन अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा जिला के विभिन्न सैंटरों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दिव्य रुद्राभिषेक पूजा आयोजित की गई। इस अवसर पर बैंगलोर स्थित आश्रम से पधारे स्वामी आदित्य के सान्निध्य में मंडी जिले के विभिन्न केंद्रों आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर समखेतर बाजार, बालीचौकी, नेरचौक तथा सौलीखड्ड आदि में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य एवं दिव्य रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पूजा में भाग लिया तथा विश्व कल्याण की कामना की।
आर्ट ऑफ लिविंग, मंडी की मीडिया समन्वयक माया वर्धान ने बताया कि स्वामी आदित्य जी ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का अत्यंत पावन समय है और इस माह में रुद्राभिषेक पूजा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि रुद्र पूजा से जीवन में शांति, सकारात्मकता, संतोष एवं तृप्ति का संचार होता है तथा ग्रह संबंधी दोषों के निवारण में भी सहायता मिलती है। वैदिक मंत्रों के प्रभाव से संपूर्ण वातावरण शुद्ध और सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने कहा कि इस पूजा के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा, समाज में सुख-शांति, सद्भाव, समृद्धि और विश्व कल्याण की प्रार्थना की जाती है। ऐसी वैदिक पूजाएं समाज में एकता, भाईचारे और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करती हैं। स्वामी आदित्य ने बताया कि परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के आशीर्वाद एवं प्रेरणा से आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा श्रावण मास के दौरान देशभर में विभिन्न स्थानों पर रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया जा रहा है,। जिससे अधिक से अधिक लोग वैदिक परंपरा और आध्यात्मिक साधना से जुड़ सकें। पूजा के सफल आयोजन में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के सभी शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं साधकों ने समर्पित भाव से अपनी सेवाएं प्रदान की। संस्था ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा