रामपुर के पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च तक होगी सेना भर्ती रैली
शिमला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च 2027 तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सेना और जिला प्रशासन से जुड़े अधिकारियों ने भर्ती रैली के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सेना के अधिकारियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती स्थल पर आने वाले अभ्यर्थियों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिजली और पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि सेना भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने रामपुर के उपमंडल दंडाधिकारी को संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर भर्ती रैली के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भर्ती के दौरान युवाओं को गुमराह करने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी। अभ्यर्थियों को किसी भी तरह के प्रलोभन और भ्रामक जानकारी से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भर्ती प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहेंगी।
उपायुक्त ने बताया कि सेना भर्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाती है। इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलती है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार हो।
अभ्यर्थियों के ठहरने की भी होगी व्यवस्था
बैठक में उपायुक्त ने भर्ती के लिए अवेरीपट्टी पहुंचने वाले युवाओं के ठहरने की व्यवस्था पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उचित दरों पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को ठहरने के साथ पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती रैली से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, जिससे 20 से 25 मार्च 2027 तक चलने वाली सेना भर्ती रैली सुचारू और व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा