मंडी के अरड़ा में गोशाला का दरवाजा तोड़ तीन भेड़ों को तेंदुए ने बनाया शिकार
मंडी, 20 जुलाई (हि.स.)। मंडी शहर के साथ लगते गांव अरड़ा स्कोर में बीती रात तेंदुए ने गोशाला का दरवाजा तोड़ तीन भेड़ों को मार डाला। मिली जानकारी के अनुसार अरड़ा गांव की गरीब मजदूर विधवा बिमला देवी की गोशाला का दरवाजा तोड़ कर तेंदुए ने तीनों भेड़ों को मार डाला।
बिमला देवी ने बताया कि उसका यही पशुधन था जिसे वह बड़ी मेहनत से पाल रही थी। सोमवार सुबह जब वह रोजाना की तरह गोशाला गई तो उसने देखा कि दरवाजा टूटा हुआ है और तीनों भेड़ें जिनकी गर्दनों से खून बह रहा था, मारी जा चुकी हैं। यह देख कर उसके होश ही उड़ गए। वह शहर जाकर लोगों के घरों में काम करके अपने दो पोतों का पालन पोषण कर रही है। घर में कोई कमाने वाला नहीं है। पति व बेटे का निधन हो चुका है। दो पोते भी उसके ही हवाले हैं। भेड़ बकरियां पाल कर उसे कुछ पैसा मिल जाता था । मगर तेंदुए , बाघ, ने सब खत्म कर दिया। इनकी कीमत 70 हजार से अधिक थी। एक भेड़ के बच्चा भी होने वाला था।
बिमला ने उपमंडलाधिकारी सदर को एक पत्र देकर इस हादसे के बारे में जानकारी दी तथा आग्रह किया कि उससे आर्थिक मदद दी जाए। तेंदुए द्वारा इस तरह से गोशाला का दरवाजा तोड़ कर एक साथ तीनों भेड़ों को मार डालने से इलाके में भी दहशत पैदा हुई है। लोग अपने व पशुओं के जीवन को लेकर असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। इसे बारे में वन विभाग से भी जरूरी उपाय करने का आग्रह किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा