सफलता का नया पाठ पढ़ाता है अपना पुस्तकालय ग्रामीण विद्यार्थियों को मिला सफलता का सूत्र

 


मंडी, 17 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला की ग्राम पंचायत डलाह स्थित पधर में स्थापित अपना पुस्तकालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए सफलता की नई राह खोल रहा है। 27 फरवरी 2025 को शुरू हुआ यह पुस्तकालय विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। करीब 12 लाख रुपये की लागत से तैयार इस पुस्तकालय में एक समय में लगभग 60 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए करीब 500 पुस्तकें, कंप्यूटर, वाई-फाई सुविधा, अच्छा फर्नीचर तथा बिजली के बैकअप के लिए सोलर सिस्टम उपलब्ध करवाया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पुस्तकालय में निजी अध्ययन केबिन की व्यवस्था भी की गई है।

अपना पुस्तकालय’की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक करीब 115 विद्यार्थी इसकी सदस्यता ले चुके हैं तथा प्रतिदिन 50 से 60 विद्यार्थी नियमित रूप से यहां अध्ययन करने पहुंच रहे हैं। पुस्तकालय के संचालन के लिए विद्यार्थियों की समिति गठित की गई है, जिसमें विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इससे उनमें अध्ययन के साथ-साथ नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित हो रही है। इस पुस्तकालय से अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियां इसकी सफलता की कहानी स्वयं बयां करती हैं। अब तक यहां पढ़ने वाले दो युवा लेक्चरर, दो पुलिस कर्मियों सहित तीन विद्यार्थियों ने राज्य पात्रता परीक्षा (SET) परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अलावा कई विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और पुस्तकालय को अपनी सफलता की तैयारी का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हैं। पुस्तकालय में अध्ययन कर रही तनुजा बताती हैं कि पहले वह निजी पुस्तकालय जाती थीं, लेकिन ‘अपना पुस्तकालय’ शुरू होने के बाद से वह नियमित रूप से यहीं अध्ययन कर रही हैं।

वहीं निखिल कुमार पिछले करीब नौ माह से यहां पीजीटी की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि निजी पुस्तकालयों की फीस अधिक होने के कारण विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानी होती है, लेकिन अपना पुस्तकालय शुरू होने से स्थानीय छात्रों को बड़ी सुविधा मिली है।

एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर एवं समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि अपना पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए पुस्तकें, कंप्यूटर, वाई-फाई, सोलर बैकअप सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। प्रतिदिन करीब 60 विद्यार्थियों का यहां अध्ययन करने आना इसकी सफलता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा