अपना परिवार सुखी परिवार: मंडी में अति निर्धन परिवारों के साथ जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन
मंडी, 11 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत आज जिला के विभिन्न विकास खंडों में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत बीर तथा कोटली में यह कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि इन कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के सहयोग से बुलाए गए अति निर्धन परिवारों के विकास और कल्याण के लिए जरूरी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की व्यापक स्तर पर चर्चा की जा रही है। इस चर्चा के फीडबैक के आधार पर प्रदेश सरकार द्वारा योजनाएं बनाई जाएंगी और उन्हें धरातल पर कार्यान्वित किया जाएगा। मंडी जिला में जन संवाद का यह कार्यक्रम 10 से 12 अगस्त, 2026 तक विकास खंड वार आयोजित किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से प्रदेश में लगभग 1.78 लाख अति निर्धन परिवार चिन्हित किए गए हैं। यह प्रक्रिया आठ चरणों के दौरान पूर्ण की गई है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर उस परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है जो अभी तक अपने हक से वंचित रहे हैं। इस वित्त वर्ष के बजट में अपना परिवार सुखी परिवार योजना की घोषणा की गई थी, जिसे उद्देश्यों के अनुरूप अब कार्यान्वित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार चिन्हित किए गए इन अति निर्धन परिवारों का सहारा बनेगी और इनकी आर्थिक स्थिति में परिवर्तन लाकर अर्थव्यवस्था में समृद्धि के साथ प्रदेश की समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ेगी। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बीर में आज आयोजित जन संवाद में ग्राम पंचायत बीर, गुमाणु, सदोह, तरनोह व सदयाणा के परिवारों ने भाग लिया। खंड विकास अधिकारी सदर सुरेंद्र ठाकुर ने लोगों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की I
उन्होंने बीपीएल में दी जाने वाली सुविधाओं, वंचित वर्गों के जीवन स्तर को उन्नत करने के लिए किए जा रहे कार्यों, आधार कार्ड के लाभ सहित अन्य योजनाओं व सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों ने सुझाव भी दिए और अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनका निवारण भी खण्ड विकास अधिकारी द्वारा किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा