गुरु पूर्णिमा श्रद्धा, भक्ति और कृतज्ञता का भव्य उत्सव : साध्वी अमिता
मंडी, 30 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आर्ट ऑफ़ लिविंग सेंटर, नरूला हॉल, समखेतर बाज़ार और सौलीखड सेंटर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला की मीडिया समन्वयक माया वर्धन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ बेंगलुरु आश्रम से आई साध्वी अमिता जी द्वारा गुरु पूजा के साथ हुआ। इसके पश्चात शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए साधकों ने भजन, सत्संग एवं ध्यान के माध्यम से अपने पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में श्रद्धा और कृतज्ञता के पुष्प अर्पित किए।
साध्वी अमिता ने कहा, गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, सेवा और साधना का उत्सव है। इस अवसर पर सभी साधकों ने गुरुदेव के बताए प्रेम, सेवा, साधना और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा अपने जीवन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनाने का प्रण किया। कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, आनंद और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा। अंत में सभी ने विश्व शांति, सुख और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा