प्रधानमंत्री मोदी को फएओ का सर्वोच्च सम्मान मिलना देश के अन्नदाता का गौरव : अनुराग सिंह ठाकुर
हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन द्वारा वर्ष 2026 का सर्वोच्च सम्मान “एफएओ एग्रीकोला मेडल” दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे भारत, भारतीय किसानों और देश की कृषि क्षमता का वैश्विक सम्मान बताया।
अनुराग ठाकुर ने शनिवार को एक बयान में कहा कि रोम स्थित एफएओ मुख्यालय में प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान मिलना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सदैव अन्नदाता को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई हैं और आज विश्व ने भारत की किसान हितैषी सोच को स्वीकार किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई और डिजिटल कृषि मिशन जैसी योजनाओं ने भारतीय कृषि को नई दिशा प्रदान की है। किसानों तक सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाने से लेकर जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने तक, देश ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री मोदी का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और खेतों में परिश्रम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल अपने नागरिकों की खाद्य आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है, बल्कि वैश्विक खाद्य सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने समावेशी विकास, टिकाऊ कृषि और आत्मनिर्भर खेती का सशक्त मॉडल विश्व के सामने प्रस्तुत किया है। एफएओ का यह सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा