मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और संकल्प सिद्धि के प्रतीक : अनुराग ठाकुर
हमीरपुर, 26 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि 26 मई 2014 का दिन भारत के इतिहास में एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक बना। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, आकांक्षाओं और विकास यात्रा का उत्सव है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते 12 वर्षों में ऐसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिनकी दशकों से केवल कल्पना की जाती थी। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A हटाकर देश को एक संविधान, एक निशान और एक विधान के सूत्र में पिरोने का कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। जीएसटी के माध्यम से देश को एक राष्ट्र-एक बाजार की व्यवस्था मिली। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव जैसी योजनाओं ने भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित किया है तथा रिकॉर्ड विदेशी निवेश आकर्षित किया है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि उसकी योजनाओं का सीधा लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग तक पहुंचा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर मिले, जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचा, स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं की गरिमा सुनिश्चित की गई। उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी गरीब भूखा न सोए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर भी अपनी नई पहचान स्थापित की है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, नई दिल्ली घोषणा, चंद्रयान और आदित्य-एल1 मिशनों की सफलता, भारतमाला और सागरमाला जैसी विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना परियोजनाएं तथा सशक्त होती भारतीय सेनाएं नए भारत की पहचान बनी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा