हिमाचल सरकार पर अनुराग ठाकुर का हमला, पेट्रोल-डीजल पर सेस की तैयारी को बताया जनविरोधी

 


शिमला, 26 मार्च (हि.स.)। हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 2022 में बड़ी-बड़ी गारंटियों के दम पर सत्ता में आई सरकार अब जनता को राहत देने के बजाय आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “चौबे बनने निकली कांग्रेस सरकार दुबे बनकर रह गई है”, क्योंकि अब तक एक भी प्रमुख गारंटी पूरी नहीं हुई।

ठाकुर ने कहा कि सरकार ने पहले ही डीजल पर वैट बढ़ाकर इसे ₹10.40 प्रति लीटर तक पहुंचा दिया, जिससे पिछले करीब 40 महीनों में जनता से हजारों करोड़ रुपये वसूले गए। अब पेट्रोल और डीजल पर अतिरिक्त सेस लगाने की तैयारी की जा रही है, जो आम लोगों पर सीधा असर डालेगा।

मुख्यमंत्री के इस बयान पर कि सेस अभी लागू नहीं हुआ है, ठाकुर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब सरकार के मन में टैक्स लगाने की सोच आ जाती है, तो वह उसे लागू करके ही छोड़ती है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इस फैसले का सड़कों से लेकर सदन तक विरोध करेगी और जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देगी।

उन्होंने सरकार पर अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने का भी आरोप लगाया। ठाकुर के अनुसार, जहां एक ओर आम जनता महंगाई से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर चेयरमैनों की तनख्वाह कई गुना बढ़ाई गई और उन्हें महंगी सुविधाएं दी गईं।

राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है। उन्होंने मांग की कि सरकार अपनी वित्तीय नीतियों में सुधार करे और जनता को राहत देने के लिए काम करे, न कि नए करों का बोझ डाले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला