राष्ट्र प्रथम, कर्तव्य सर्वोपरि के मंत्र को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत निर्माण में योगदान दें : अनुराग सिंह ठाकुर

 


हमीरपुर, 12 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “राष्ट्र प्रथम, कर्तव्य सर्वोपरि” विषय के अंतर्गत देशवासियों को दिए गए सात महत्वपूर्ण नागरिक आह्वानों का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक अपील नहीं बल्कि विकसित, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों का मूल उद्देश्य देशवासियों को जिम्मेदार नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है, ताकि भारत आयात पर निर्भरता कम कर सके, विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रख सके तथा स्वदेशी उत्पादन और सतत जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि 140 करोड़ भारतीय अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाते हैं तो उसका प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था को नई शक्ति प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने, अनावश्यक यात्राओं से बचने तथा ईंधन की खपत कम करने का आह्वान किया है। साथ ही सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो सेवाओं, कार पूलिंग, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग पर बल दिया गया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह केवल ईंधन बचत का विषय नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विदेशी मुद्रा की बचत को ध्यान में रखते हुए आगामी एक वर्ष तक गैर-आवश्यक विदेशी यात्राओं से बचने का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि देश का धन देश के भीतर निवेश और विकास में उपयोग हो।

घरेलू उपभोग और जीवनशैली से जुड़े विषयों पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खाद्य तेल के सीमित उपयोग, गैर-जरूरी स्वर्ण खरीद को कुछ समय के लिए टालने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों की लागत कम होगी, भूमि की उर्वरता बढ़ेगी तथा रासायनिक और आयातित कृषि उत्पादों पर निर्भरता घटेगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने और स्वस्थ भारत निर्माण में भी सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वदेशी और मेड इन इंडिया उत्पादों को अपनाने का आह्वान देश के उद्योग, छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा। जब देशवासी विदेशी वस्तुओं के स्थान पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे तो भारत का विनिर्माण क्षेत्र मजबूत होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब समय आ गया है कि प्रदेश और देश का प्रत्येक नागरिक केवल विचारों और नारों तक सीमित न रहे, बल्कि अपने व्यवहार और कार्यों के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करे। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों से प्रधानमंत्री के इन दूरदर्शी आह्वानों को उत्साह, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनाने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम और कर्तव्य सर्वोपरि की भावना से ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा