वर्तमान कांग्रेस सरकार यारां दी सरकार : अनुराग ठाकुर

 


सोलन, 15 मई (हि.स.)। कांग्रेस की गलत नीतियों और आर्थिक कुप्रबंधन के कारण आज हिमाचल प्रदेश पर ₹ 1,12,319 करोड़ से अधिक का कर्ज चढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि मात्र तीन वर्षों में एक छोटे से पहाड़ी राज्य को इतनी बड़ी आर्थिक बदहाली में पहुंचाना कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी विफलता है।कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं को 15 सौ रुपए प्रतिमाह देने, ग्रामीण क्षेत्रों में सौ रुपए प्रति लीटर दूध खरीदने, युवाओं को रोजगार देने और विकास की बड़ी-बड़ी गारंटियां दी थीं, लेकिन आज तक एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है और प्रदेश भर में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ चार्जशीट और विजिलेंस जांचें चल रही हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को सोलन के कांगड़ा-हमीरपुर मैत्री सभा भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और नगर निगम चुनावों में भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार “यारां दी सरकार” बन चुकी है, जहां जनता के हितों के बजाय मित्रों और करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने की राजनीति हो रही है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन नगर निगम चुनावों में जनता के पास एक बड़ा अवसर है कि वह सोई हुई सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दे। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत के साथ सोलन को हिमाचल का सबसे स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और स्मार्ट शहर बनाया जाएगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि लगभग दो महीने पहले कैबिनेट बैठक में सोलन नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए एक करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन कांग्रेस सरकार अब तक जमीन पर कोई कार्य शुरू नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है जबकि विकास पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।

उन्होंने बघाट बैंक वित्तीय घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गरीब जमाकर्ताओं को ठगने वालों के खिलाफ आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर 2025 को आरबीआई द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद उन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है, जिन्होंने असुरक्षित ऋण देकर बैंक को संकट में डाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा