हमीरपुर के विकास को नई पहचान देने वाले नेता हैं अनुराग ठाकुर : राजेंद्र सिंह राणा
हमीरपुर, 27 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र सिंह राणा ने आज हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने कार्यकाल में विकास की ऐसी मजबूत नींव रखी, जिसके परिणाम आज भी पूरे संसदीय क्षेत्र को मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित नहीं रखा, बल्कि विकास और जनसेवा को अपना मूल उद्देश्य बनाया। विकास के पैमाने पर अनुराग ठाकुर जी ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र नहीं बल्कि पूरे हिमाचल में इतने अभूतपूर्व कार्य किए जो कोई भी नहीं कर सका।
राणा ने कहा कि सिर्फ हमीरपुर जिले के विकास में अनुराग सिंह ठाकुर जी का योगदान देखा जाए तो उनके प्रयासों से 24 मार्च 2022 को हमीरपुर में भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना हुई, जहां बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, हॉकी, कुश्ती और एथलेटिक्स जैसी छह खेल विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हिमाचल को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अनुराग ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। धर्मशाला में विश्व स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम, नादौन का अमतर क्रिकेट ग्राउंड तथा एचपीसीए के माध्यम से ऋषि धवन, सुषमा वर्मा सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उभरना इसी सोच का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना अंतिम चरण में है। हमीरपुर-धर्मपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग 1200 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। मटौर-हमीरपुर-बिलासपुर-शिमला फोरलेन, किरतपुर-नेरचौक फोरलेन, मटौर से शिमला फोरलेन, नेरचौक फोरलेन तथा अवाहदेवी-धर्मपुर होते हुए हमीरपुर से सरकाघाट तक हरित कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति दे रही हैं। उन्होंने बताया कि 1334 करोड़ रुपये की लागत से हमीरपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-70 के चौड़ीकरण का कार्य भी स्वीकृत करवाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा