पेट्रोल-डीजल पर सेस बढ़ाकर सुक्खू सरकार ने जनता की जेब पर डाका डाला: अनुराग सिंह ठाकुर

 


हमीरपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर सेस बढ़ाए जाने पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का हिमाचल में खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन चुका है। सरकार लगातार टैक्स, वैट और सेस बढ़ाकर आम जनता की जेब पर बोझ डाल रही है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के महज दो महीनों में ही वैट में बढ़ोतरी की गई और डीजल पर वैट बढ़ाकर 10.40 रुपये कर दिया गया। इसके बाद 5 रुपये का अतिरिक्त सेस लगाया गया। उन्होंने कहा कि तेल के माध्यम से आम आदमी की जेब पर यह चौथा हमला है। पेट्रोल-डीजल के बाद बस किराया और सीमेंट के दाम बढ़ाकर पहले ही जनता की मुश्किलें बढ़ाई जा चुकी हैं और अब फिर ईंधन महंगा कर प्रदेशवासियों का मासिक बजट बिगाड़ने का काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि आज हिमाचल का ट्रक चालक, किसान, व्यापारी और आम उपभोक्ता महंगे पेट्रोल-डीजल की मार झेल रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकार आंखें मूंदकर बैठी है। एक तरफ प्रदेश की जनता टैक्स की मार झेल रही है तो दूसरी तरफ प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस सरकार अब कर्ज और टैक्स के सहारे चलने वाली सरकार बन गई है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार अपनी नीतियों से हिमाचल का खजाना खाली करने और प्रदेश को 1.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज के दलदल में धकेलने के बाद अब टैक्स, वैट और सेस के जरिए जनता से वसूली कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि बार-बार की जा रही इस अतिरिक्त वसूली का पैसा आखिर प्रदेश के खजाने में जा रहा है या फिर कांग्रेस के हाईकमान और उसके मित्रों की सुविधा के लिए इस्तेमाल हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का टैक्स अंततः आम उपभोक्ता की जेब पर ही पड़ता है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन, खेती-बाड़ी, ढुलाई और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की कीमतों पर सीधा असर पड़ता है। कांग्रेस सरकार पहले ही ईंधन पर टैक्स लगाकर जनता से हजारों करोड़ रुपये वसूल चुकी है और अब सेस के नाम पर एक और आर्थिक बोझ डाल दिया गया है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि जनता को राहत देने के बजाय कांग्रेस सरकार लगातार नए-नए बहाने ढूंढकर आम आदमी पर बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के इतिहास में इससे अधिक विफल सरकार दूसरी नहीं हुई, जिसने प्रदेश के हर वर्ग को महंगाई और आर्थिक बोझ के बीच धकेल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा