नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी : मंत्री जगत सिंह नेगी
शिमला, 26 जून (हि.स.)। राजस्व एवं बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल, शिक्षा, संस्कृति तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
जगत सिंह शुक्रवार को शिमला के रिज मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशा निषेध की शपथ भी दिलाई और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
इसके बाद जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित वॉकाथॉन और साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान शांति, सद्भाव और नशा मुक्त समाज के संदेश के प्रतीक के रूप में कबूतर भी उड़ाए गए। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में भाग लिया।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ जनजागरूकता, नशा मुक्ति और पुनर्वास कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से प्रदेशभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाना होगा। उन्होंने लोगों से नशा मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा