एंटी चिट्टा बैडमिंटन प्रतियोगिता के माध्यम से दिया नशा मुक्त समाज का संदेश

 


मंडी, 06 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के उपमंडल प्रशासन करसोग की अभिनव पहल के तहत युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित एंटी चिट्टा बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। स्पोर्ट्स क्लब करसोग एवं नगर पंचायत करसोग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों की कुल 64 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बताया कि उपमंडल प्रशासन द्वारा की गई यह पहल, केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नशे के विरुद्ध सामाजिक जनजागरूकता का प्रभावी अभियान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने के लिए खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक मंचों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में 64 टीमों की भागीदारी से स्पष्ट होता है कि क्षेत्र के युवा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उपमंडल प्रशासन इस प्रकार की खेल एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, सशक्त एवं नशा मुक्त समाज निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य, नशे के खिलाफ लोगों में जनजागरूकता लाकर युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

समापन समारोह में नगर पंचायत करसोग के अध्यक्ष किशोर कुमार, उपाध्यक्ष उत्तम चंद चैहान, स्पोर्ट्स क्लब करसोग के प्रधान तथा नगर पंचायत के अन्य पार्षदों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह रहे विजेता प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में नितिन भारद्वाज तथा डी.पी. वर्मा विजेता रहे जबकि यश पाल व ललित उप विजेता रहे। ओपन वर्ग में कर्ण तथा मनीत शर्मा विजेता जबकि रायपाल व नितिन उपविजेता रहे। अंडर-16 वर्ग लड़कों में स्वयं व मिनास विजेता रहे, जबकि नितेश व द्रूव उप विजेता रहे।लड़कियों के वर्ग में अनुष्का व रचना विजेता जबकि मंजू व मुस्कान उप विजेता रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा