झूठे आंकड़ों के सहारे पंचायत चुनावों की जमीन तैयार करना चाहते हैं मुख्यमंत्री : अजय ठाकुर

 

मंडी, 21 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार अब जनहित के कार्यों से नहीं, बल्कि सत्ता, सरकारी तंत्र और भ्रम की राजनीति के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन बचाने में जुटी हुई है। स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर मुख्यमंत्री झूठे और बढ़ा-चढ़ाकर आंकड़े प्रस्तुत कर आगामी पंचायत एवं पंचायतीराज चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।

अजय ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय चुनावों में जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को अपने पक्ष में दिखाने के लिए कांग्रेस सरकार सरकारी धनबल, सत्ता के दबाव और विभिन्न हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि जनादेश का सम्मान करने के बजाय सुक्खू सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू जिस प्रकार स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों को अपनी उपलब्धि बताने की कोशिश कर रहे हैं, वह जनता को भ्रमित करने की एक सोची-समझी रणनीति है। जो सरकार साढ़े तीन वर्षों तक गारंटियों के नाम पर प्रदेश की जनता को सपने दिखाती रही, वही सरकार अब चुनावी परिणामों पर भी राजनीतिक रंग चढ़ाने का प्रयास कर रही है।

अजय ठाकुर ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की प्रचंड जीत ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से पूरी तरह मोहभंग कर चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनावों में अपने अधिकृत प्रत्याशी ही घोषित नहीं किए थे तो फिर वह किस आधार पर जीत का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। इसके विपरीत भाजपा ने अधिकृत रूप से अपने समर्थित प्रत्याशी मैदान में उतारे थे और उनकी जीत प्रदेश की जनता का सरकार के खिलाफ स्पष्ट जनादेश है।

उन्होंने कहा कि आने वाले जिला परिषद, पंचायत और पंचायत समिति चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी और चुनावी परिणाम इस सरकार को जनता के वास्तविक जनमत का आईना दिखाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा