एम्स बिलासपुर के विस्तार में प्रदेश सरकार देगी पूरा सहयोग: मुख्यमंत्री सुक्खू
शिमला, 12 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विस्तार और सुविधाओं को मजबूत करने में पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि एम्स बिलासपुर को एक उत्कृष्ट स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के लोगों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री बिलासपुर जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान एम्स पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संस्थान के चिकित्सकों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि दिसंबर 2026 तक प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में इलाज के लिए आने वाले लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। इसके लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं। चिकित्सकों और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों को प्रदेश में सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार उन्हें बेहतर वेतन और अन्य सुविधाएं दे रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को प्रोफेसर के पद पर डेजिग्नेट करने के लिए सरकार ने मापदंडों में भी छूट दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जांच सुविधाओं को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। शिमला स्थित आईजीएमसी और एआईएमएसएस चमियाना में 3-टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की गई हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर, कुल्लू, ऊना और सोलन, जिला अस्पताल किन्नौर, डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नाहन, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला और सिविल अस्पताल पालमपुर में 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पीजी मेडिकल सीटों में 330 सीटों की वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी और मरीजों को अपने राज्य में ही अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई तकनीकों और उपचार के नए तरीकों पर भी काम शुरू किया गया है। राज्य सरकार ने जीन थेरेपी और फोटो थेरेपी के क्षेत्र में काम शुरू किया है। इसके लिए अमेरिका के चिकित्सकों के साथ उनकी विशेषज्ञता और सहयोग को लेकर चर्चा की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स बिलासपुर सहित प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। सरकार का जोर आधुनिक जांच सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों और बेहतर उपचार सेवाओं को प्रदेश में ही उपलब्ध कराने पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा