एआई के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता सबसे बड़ी चुनौती : संजीव शर्मा

 


शिमला, 16 नवंबर (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज और हाव-भाव का इस्तेमाल कर ऐसे फोटो और वीडियो तैयार किए जा सकते हैं, जो देखने में पूरी तरह वास्तविक लगते हैं। डीपफेक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल ने पत्रकारिता के सामने तथ्य सत्यापन की नई चुनौती खड़ी कर दी है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि किसी भी फोटो, वीडियो या सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना को प्रकाशित करने से पहले उसके मूल स्रोत और प्रामाणिकता की जांच करें। पत्रकारिता की असली पूंजी सनसनी नहीं, बल्कि जनता का विश्वास है।

यह बात पीआईबी शिमला के सहायक निदेशक मीडिया एवं संचार संजीव शर्मा ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर शिमला के बचत भवन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कही। इस वर्ष प्रेस दिवस का विषय 'पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी' था। विषय वक्ता के रूप में उन्होंने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के विस्तार से हर व्यक्ति को सूचना प्रसारित करने का मंच मिला है। हालांकि, सूचना साझा करने की स्वतंत्रता के साथ उसकी सत्यता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी जुड़ी है। पत्रकार को खबर प्रकाशित करने से पहले उसके स्रोत, संदर्भ और तथ्यों की पड़ताल करनी चाहिए। संवेदनशील घटनाओं और सामाजिक सद्भाव से जुड़े मामलों में शब्दों का चयन भी सावधानी से करना जरूरी है।

संजीव शर्मा ने केंद्र सरकार के आईटी संशोधन विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि डिजिटल मंचों पर सामग्री के नियमन और निगरानी से जुड़े प्रावधानों को सूचना के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जवाबदेही के संदर्भ में देखना चाहिए। भ्रामक सामग्री पर नियंत्रण जरूरी है, लेकिन नियमन में पारदर्शिता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का संतुलन भी बना रहना चाहिए। पत्रकारिता की स्वतंत्रता और आत्मानुशासन लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं।

जनविश्वास पत्रकारिता की असली पहचान : अनुपम कश्यप

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि पत्रकारिता की पहचान किसी बड़े मीडिया संस्थान से नहीं, बल्कि विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और पेशेवर आचरण से होती है। सूचना देने की होड़ में अपुष्ट खबरें फैलने से भ्रम और भय पैदा हो सकता है। पत्रकारों को तथ्यों की पुष्टि के बाद ही समाचार प्रकाशित करना चाहिए। उन्होंने विकास योजनाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार से जुड़ी सफलता की कहानियों को सामने लाने में मीडिया की भूमिका की सराहना की।

भट्टाकुफर में निर्माणाधीन टनल के समीप उत्पन्न स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य रुकवाया गया और संबंधित अनुमतियां वापस ली गईं। प्रभावित भवनों का वर्गीकरण और सुरक्षित क्षेत्र की मैपिंग भी की गई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में प्रशासनिक कार्रवाई के साथ जनता तक सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है। आगामी पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन और पर्यटकों को वाहन साझा करने के प्रति जागरूक करने में भी मीडिया सहयोग कर सकता है।

निष्पक्ष रिपोर्टिंग और सत्यापन पर दिया जोर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि एआई के माध्यम से फोटो, वीडियो और आवाज में बदलाव कर भ्रामक सामग्री तैयार करना आसान हुआ है। पत्रकारों को ऐसी सामग्री की पुष्टि के बिना उसे प्रकाशित नहीं करना चाहिए। पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय भी जनविश्वास के लिए जरूरी है।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने कहा कि प्रशासन, पुलिस, मीडिया और जनता के बीच निरंतर संवाद से सही सूचनाओं का प्रवाह सुनिश्चित होता है। विशेषकर आपदा और कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों में अधूरी जानकारी भ्रम पैदा कर सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा