कृषि मशीनरी खरीद के लिए एग्री मशीनरी पोर्टल 31 जुलाई से शुरू होगा

 

शिमला, 29 जुलाई (हि.स.)। कृषि अभियान्त्रिकी के अन्तर्गत सरकार द्वारा पहाड़ी खेती के मशीनीकरण के लिए प्रदेश के किसानों में नये विकसित उपकरण तथा आधुनिक मशीनरी को प्रचलित किया जा रहा है। विभाग द्वारा किसानों को बड़े स्तर पर पावर टिलर व पावर वीडर एवं अन्य कृषि उपकरण उपदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। सरकार के कृषि अभियांत्रिकी उप-मिशन के अंतर्गत कृषि उपकरण अनुदान के लिए किसान कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

कृषि विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां जानकारी दी कि पोर्टल पूर्ण पारदर्शी तरीके से लॉटरी सिस्टम के सिद्धांत पर काम करता है। यह पोर्टल 31 जुलाई, 2026 से वर्ष 2026-27 के लिए सक्रिय हो जाएगा तथा हर जरूरतमंद किसान इसके माध्यम से 20 अगस्त, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त, 2026 को लॉटरी के माध्यम से किसानों को सम्बन्धित उपकरणों के लिए चयनित किया जाएगा। कृषि यंत्र लघु, सीमांत, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध होगें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला