काठमांडू में सेंट्रल एशियन वॉलीबॉल एसोसिएशन की एजीएम में शामिल हुए वीरेंद्र कंवर, वॉलीबॉल के विकास पर बनी रणनीति

 




काठमांडू, 19 अप्रैल (हि.स.)। सेंट्रल एशियन वॉलीबॉल एसोसिएशन (कावा) की वार्षिक आम बैठक में वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ वॉलीबॉल के विकास को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान भारत को वॉलीबॉल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कावा के अध्यक्ष मोहम्मद ला थीफ द्वारा इंटरनेशनल एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया को उसकी उपलब्धियों और खेल के विकास में योगदान के लिए प्रदान किया गया, जिसे वीरेंद्र कंवर ने प्राप्त किया।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिला। बैठक में वॉलीबॉल के विकास, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने, उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि यह मंच केवल विचारों के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर वॉलीबॉल को नई पहचान दिलाने और इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए ठोस रणनीतियों पर भी विचार किया गया। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक संवाद से भविष्य में बेहतर समन्वय और साझेदारी की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि देशों को जोड़ने और युवाओं को सशक्त बनाने का प्रभावी जरिया भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बैठक से वॉलीबॉल के विकास को नई दिशा मिलेगी और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया खिलाड़ियों के हितों की रक्षा और खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला