एनआईटी हमीरपुर से प्रधानमंत्री मोदी के ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान से जुड़ेंगे जिले के युवा

 

हमीरपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेंगे। हमीरपुर जिले में इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में होगा, जहां से जिले के युवा प्रधानमंत्री के संबोधन से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) की ओर से चलाए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त, स्वस्थ तथा जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प से जुड़ा है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवाओं के वर्चुअल माध्यम से जुड़ने की संभावना है। इनमें एमवाई भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा 125 से अधिक सहयोगी संस्थाओं के सदस्य शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी नशा मुक्ति की शपथ लेंगे। इसके साथ ही अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में सांस्कृतिक, खेल, फिटनेस, जागरूकता, माइंडफुलनेस और सामुदायिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत लोकगीत, मूक अभिनय, शॉर्ट फिल्म और रील, पेंटिंग, वाद-विवाद तथा स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इसके अलावा पदयात्रा, नुक्कड़ नाटक, खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान, विशेषज्ञों के परामर्श सत्र, ग्राम सभा आधारित नशा मुक्त संकल्प सभाएं, सोशल मीडिया अभियान और अभिभावकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मेरा युवा भारत पोर्टल पर ई-प्लेज अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा और अन्य नागरिक नशा मुक्त भारत के निर्माण का अपना संकल्प दर्ज कर सकते हैं। अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ होगा, जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने बताया कि हमीरपुर जिले में कार्यक्रम एनआईटी हमीरपुर में आयोजित होगा। उन्होंने जिले के युवाओं, स्वयंसेवकों, शैक्षणिक संस्थानों, युवा क्लबों और नागरिकों से इस जन अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा