पांवटा साहिब में पुलिस का नाइट ऑपरेशन, ओवरलोडिंग डंपरों पर चला डंडा
नाहन, 27 मार्च (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वीरवार बीती देर रात पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोडेड डंपरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई। इस दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे 4 डंपरों को मौके पर पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है।
यह पूरी कार्रवाई पांवटा साहिब के थाना प्रभारी कुलवंत कंवर की देखरेख में अंजाम दी गई। पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील मार्गों पर नाकाबंदी की थी। देर रात जब ये डंपर क्षमता से अधिक माल लादकर गुजर रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। तलाशी और वजन की जांच के दौरान पाया गया कि ये वाहन तय सीमा से कहीं अधिक भार ले जा रहे थे।
पुलिस विभाग के अनुसार ओवरलोडिंग न केवल सड़क को नुकसान पहुँचाती है, बल्कि क्षेत्र में होने वाले सड़क हादसों का भी एक मुख्य कारण है। पांवटा-शिलाई और पांवटा-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब ने बताया कि पकड़े गए चारों डंपरों के चालान काटकर मामला माननीय न्यायालय को भेज दिया गया है। अब इन वाहनों का अंतिम चालान और जुर्माने की राशि अदालत द्वारा ही तय की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग के मामलों में अब मौके पर मामूली जुर्माना करने के बजाय सीधे अदालती कार्रवाई की जा रही है ताकि वाहन चालकों में डर बना रहे।
पुलिस ने सभी ट्रक और डंपर ऑपरेटरों को सख्त हिदायत दी है कि वे नियमों के भीतर रहकर ही माल की ढुलाई करें। यदि भविष्य में भी कोई वाहन क्षमता से अधिक भार के साथ पाया गया, तो उसका परमिट रद्द करने की सिफारिश भी की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर