मनाली में मनालसु नाले में गिरी जिम्नी, दो युवकों की मौत, तीन घायल

 




मनाली, 01 अगस्त (हि.स.)। पर्यटन नगरी मनाली के समीप ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जिम्नी वाहन के मनालसु नाले में गिर जाने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार काले रंग की जिम्नी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 फीट नीचे मनालसु नाले में जा गिरी। हादसे की सूचना 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मनाली पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक तुलसी राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

निजी होटल के मैनेजर एवं शिकायतकर्ता जयंत तिवारी (28), निवासी अल्मोड़ा (उत्तराखंड) ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब एक बजे होटल के पीछे सड़क की ओर से वाहन गिरने की तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

हादसे में रोहित कुमार (32), निवासी मंडी तथा करुण बौद्ध, निवासी बजौरा (कुल्लू) की मौत हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि हादसे में विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला घायल हुए हैं। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मनाली अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह