यमुना कुल्हाल पुल पर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार क्रेटा कार, तीन युवकों की मौके पर मौत
नाहन, 04 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल और उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना कुल्हाल पुल पर शनिवार रात बेहद भीषण सड़क हादसा हुआ। रात करीब साढ़े 10 बजे के आसपास तेज रफ्तार क्रेटा कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा पांवटा साहिब क्षेत्र में यमुना नदी पर बने यमुना कुल्हाल पुल पर हुआ। जानकारी के अनुसार क्रेटा कार तेज रफ्तार में थी और आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय तरसेम सिंह पुत्र अतर सिंह निवासी शिलाई, जिला सिरमौर, 37 वर्षीय अमित कुमार पुत्र महाकर सिंह निवासी शांति नगर, भोपा रोड, नई मंडी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और सोनू पुत्र वेदपाल सिंह निवासी नगला हुकम सिंह, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली के रूप में हुई है। तीनों शवों का रविवार को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पांवटा साहिब पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय कार की गति कितनी थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर