किन्नौर में गहरी खाई में गिरी पिकअप, दो युवकों की मौत

 


शिमला, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में रविवार को भावा वैली संपर्क मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में शिमला जिला के चौपाल निवासी दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान दया (37) और उमेश (24) के रूप में हुई है। दोनों शिमला जिले के चौपाल के निवासी थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन (एचपी 08ए 3774) शेरपा कॉलोनी से काफनू की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन काफी ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्गम रास्ते के कारण मौके तक पहुंचने में हुई कठिनाई

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्घटनास्थल तक पहुंचने वाला रास्ता बेहद दुर्गम है और वहां ढलान सीधी खड़ी है। इस कारण पुलिसकर्मियों को मौके तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरा। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे छूटा, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

रामपुर में भी हाल ही में हुआ था बस हादसा

किन्नौर से सटे शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में बीते 9 अक्टूबर को एचआरटीसी की एक बस खाई में गिर गई थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों में हर साल बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा