शिमला में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत
शिमला, 10 मई (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात एक ट्रक सड़क से अनियंत्रित होकर नीचे खेतों में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिमला के शोघी निवासी 26 वर्षीय रविंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को करीब पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब डेढ़ बजे थाना सुन्नी को सूचना मिली कि बड़मैन धार में ट्रक नंबर HP64D-7299 दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खेतों में गिर गया है और चालक ट्रक के नीचे फंसा हुआ है। सूचना मिलने के बाद एएसआई बृजलाल पुलिस दल के साथ मौके के लिए रवाना हुए।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और चालक उसके नीचे दबा हुआ था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने जेसीबी तथा अन्य भारी मशीनों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। करीब पांच घंटे की मेहनत के बाद चालक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चालक की पहचान उसकी जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड के आधार पर रविंद्र ठाकुर (26) के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा