कुल्लू में खाई में गिरी जीप, तीन की मौत, नौ घायल
कुल्लू, 28 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी में वीरवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। यहाँ बढ़ई-बागन-पीज संपर्क मार्ग पर सवारियों से भरी एक टाटा सूमो टैक्सी जोकि बागन से कुल्लू मुख्यालय की तरफ आ रही थी, अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य सवारियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सूमो टैक्सी (जिसमें 12 लोग सवार थे) लगघाटी के पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी। बढ़ई-बागन-पीज सड़क पर एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण गाड़ी पहले पहाड़ी से टकराई ओर उसके बाद सड़क से नीचे सीधे खाई में लुढ़क गई। गाड़ी के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की आवाज सुनी और मौके की तरफ दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर सहित स्थानीय प्रशासन, कुल्लू पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई गहरी होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदनलाल कौशल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था। तीनों शवों को कब्जे में ले लिया गया है और सभी 9 घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों (तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही) की जांच की जा रही है।
पहाड़ी रास्तों पर लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों की सुरक्षा और तीखे मोड़ों पर क्रैश बैरियर न होने जैसे गंभीर सवालों को खड़ा कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह