रामपुर में नाले में गिरी कार, पिता की मौत, बेटा घायल
शिमला, 28 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में गुरुवार रात एक कार सड़क से नीचे पानी से भरे नाले में जा गिरी। हादसे में कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा उसका बेटा घायल हो गया। हादसा गुरुवार की रात तकलेच के पास पुल के नजदीक हुआ। मृतक की पहचान रामपुर के तकलेच निवासी निक्का राम (64) के रूप में हुई है। हादसे में उनका बेटा जगदीश (40) घायल हुआ है।
वो
रामपुर थाने में इस हादसे को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह मामला राजेंद्र सिंह निवासी तकलेच की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह यशपाल के साथ तकलेच के पास पुल के नजदीक मौजूद था। इसी दौरान पंजीकरण संख्या एचपी63सी-3943 वाली हुंडई वेन्यू कार तकलेच बाजार की ओर से पुल की तरफ आ रही थी।
शिकायत के मुताबिक, कार अचानक सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। उस समय नाले में पानी भरा हुआ था। कार चला रहा जगदीश चंद पुत्र निक्का राम बाहर निकल गया, जबकि उसके पिता निक्का राम कार के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर निक्का राम को कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच पहुंचाया।
अस्पताल में तैनात चिकित्सा अधिकारी ने जांच के बाद निक्का राम को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार चालक जगदीश चंद को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल चालक का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया और उसकी चिकित्सकीय रिपोर्ट प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार प्रत्यक्षदर्शी राजेंद्र सिंह के बयान में हादसे का कारण कार चालक जगदीश चंद की कथित तेज और लापरवाही से वाहन चलाना बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शी का बयान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा