शिमला में मजदूरों से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, 18 घायल

 




शिमला, 22 जून (हि.स.)। एक शादी समारोह में काम करने जा रहे मजदूरों से भरा एक ट्रक सोमवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 30 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। घायलों की हालत खतरे से बाहर है और उन्हें ठियोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। ट्रक में कुल 24 लोग सवार थे।

पुलिस के अनुसार सभी मजदूर कोटखाई क्षेत्र में एक शादी समारोह में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान ठियोग-छैला-हाटकोटी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जैस के पास ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

ट्रक में सवार लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से पहले वाहन तेज गति से चल रहा था। कुछ लोगों ने चालक को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह भी दी थी।

इसी बीच चालक ने बताया कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए हैं। इसके बाद उसने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन हादसा टाला नहीं जा सका।

बताया जा रहा है कि ट्रक को खाई में गिरने से बचाने के प्रयास में चालक ने काफी कोशिश की।

इस दौरान वाहन पहले सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर और फिर एक खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि ट्रक सड़क से नीचे नहीं गिरा और सड़क पर ही रुक गया, लेकिन झटके के कारण पीछे बैठे कई लोग ट्रक की बॉडी से टकरा गए और कुछ लोग वाहन से बाहर जा गिरे।

हादसे में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के दाघेड़ पोस्ट क्षेत्र के सालनपुर गांव निवासी नीटू (30), पुत्र पप्पू, की मौत हो गई। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घायलों में रौनक (14), सुमित (47), अभिषेक (26), सूरज (34), सुधीर (40), मुकुल (24), जितेंद्र (35), भोला (45), रमेश (53), मोनू (38), रवि (22), सुमित (30), नीतू (34), पप्पू (50), रिंकू (45) और सतीश (45) शामिल हैं। अन्य दो घायलों का भी उपचार चल रहा है। सभी घायलों को पहले ठियोग सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 18 लोगों को बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

ठियोग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ब्रेक फेल सहित वाहन की तकनीकी स्थिति और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा