शिमला : आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौट रही तीन साल की बच्ची को पिकअप ने मारी टक्कर, मौत

 




शिमला, 24 सितंबर (हि.स.)। आंगनबाड़ी केंद्र से अपनी दादी के साथ घर लौट रही तीन साल की बच्ची को पीछे से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और आईजीएमसी शिमला ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। बच्ची की दादी भी हादसे में घायल हुई हैं। मृतक बच्ची की पहचान दिव्यांशी के रूप में हुई है। हादसा ठियोग क्षेत्र की चाटोग-सिंखुरी सड़क पर हुआ।

पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे मीरा उर्फ शकुंतला अपनी नाबालिग पोती दिव्यांशी को आंगनबाड़ी केंद्र से घर लेकर जा रही थीं। दोनों पैदल सड़क पर चल रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई सफेद रंग की पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार पिकअप को चालक तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। हादसा चाटोग-सिंखुरी सड़क पर हुआ।

टक्कर के बाद दोनों को उपचार के लिए चियोग ले जाया गया। वहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से आईजीएमसी शिमला भेजा गया। उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाते समय रास्ते में दिव्यांशी की मौत हो गई। बच्ची के शव को आईजीएमसी शिमला की मोर्चरी में रखा गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में 23 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल पिकअप का नंबर एचपी 63ए-4318 है। मामले की जांच थाना ठियोग की पुलिस कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा