चम्बा के भरमौर में आधी रात को गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत

 




शिमला, 06 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में बुधवार आधी रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा जनजातीय भरमौर उपमंडल की होली तहसील के लामू-हीलिंग मार्ग पर हीलिंग नाले के पास हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार मध्यरात्रि करीब 12 बजे के बाद हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों युवक हीलिंग नामक स्थानसे अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हीलिंग नाले के समीप उनकी कार अचानक सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। रात का समय और गहरी खाई होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले घटना की जानकारी पुलिस को दी और फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बाद में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को खाई से बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) पुत्र रंगीला राम और संजय कुमार (35) पुत्र शर्मा सरवन, दोनों निवासी लामू क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।

इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुरेश कुमार अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। वहीं संजय कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। दोनों परिवारों का कहना है कि रात तक उन्हें इस तरह की किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की सूचना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। घटना के बाद पूरे लामू और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा