चम्बा के भरमौर में कार नाले में गिरी, तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत

 


शिमला, 27 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में शनिवार को एक सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा उरेई-सामरा मार्ग पर सारणी नाला के पास हुआ। घायल व्यक्ति का इलाज मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना शनिवार पूर्वान्ह 11 बजकर 5 मिनट पर पुलिस थाना भरमौर को मिली।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रुणहूकोठी और उरेई गांव के पांच लोग एक आल्टो कार में सवार होकर क्षेत्र के एक मंदिर में आयोजित जातर में भाग लेने जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे जब वाहन सारणी नाला के पास पहुंचा तो कार अचानक पीछे की ओर खिसक गई और सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।

हादसा इतना गंभीर था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, लेकिन रास्ते में एक महिला ने दम तोड़ दिया।

इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

मृतकों की पहचान रविकांत निवासी रुणहूकोठी तथा लता, चतरो और बसेरो निवासी उरेई के रूप में हुई है। हादसे में घायल राकेश कुमार का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के रिवर्स होकर नीचे गिरने से यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा