रामपुर में बोलेरो पलटने से 23 लोग घायल
शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिला के रामपुर बुशहर के पास समेज क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसा हुआ। इसमें गांव के लोगों से भरी एक बोलेरो कैम्पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन में कुल 23 लोग सवार थे, जो कुशवा में आयोजित एक मेले में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में सभी लोगों को चोटें आई हैं, हालांकि किसी की जान नहीं गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जैसे ही वाहन समेज के पास पहुंचा, उसकी ब्रेक अचानक फेल हो गई। चालक ने गाड़ी को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बोलेरो सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी ले जाया गया, जहां 21 लोगों का इलाज चल रहा है। दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना सामने आया है। पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज कर रही है और सभी की सूची तैयार की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा