कोटखाई में पिकअप खाई में गिरी, चालक की मौके पर मौत, दो घायल

 

शिमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में मंगलवार को एक एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना थाना कोटखाई के अंतर्गत पांदली इलाके में शाकला नाला के पास हुई।

पुलिस के अनुसार पिकअप गाड़ी (नंबर HP62B-0616) लोहे की ग्रिल व एंगल से लदी थी। इसे कोटखाई के पनोग गांव निवासी 40 वर्षीय विजय शर्मा चला रहे थे। गाड़ी में उनके साथ दो अन्य व्यक्ति भी सवार थे। इनमें 35 वर्षीय मोहम्मद आलम, निवासी बादशाहापुर, तहसील व जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) और 29 वर्षीय उवैद, निवासी मंडिया बिकम, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। बताया गया है कि दोनों कुछ समय से बागड़ा में विजय शर्मा की वेल्डिंग की दुकान पर रह रहे थे।

जैसे ही वाहन शाकला नाला के पास पहुंचा, वह अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि चालक विजय शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल दोनों व्यक्तियों को तुरंत सिविल अस्पताल कोटखाई पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस संबंध में थाना कोटखाई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 125(2) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा