क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवक की कार खाई में गिरी, मौत

 


शिमला, 01 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के तहत कुपवी क्षेत्र में क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे एक युवक की कार अनियंत्रित होकर गहरी ढलान में गिर गई। हादसे में कार चला रहे 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह हादसा 31 जुलाई की शाम को कंडा बनाह के पास हुआ। मामले में पुलिस थाना कुपवी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला कंडा बनाह निवासी 34 वर्षीय दलवीर सिंह के बयान के आधार पर दर्ज किया गया।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह गांव के अन्य युवकों के साथ कंडा बनाह में क्रिकेट खेलने आया था। मैच खत्म होने के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव कुजाह निवासी 26 वर्षीय प्रकाश अपनी कार को कंडा बनाह स्कूल के पास खड़ी कर चुका था।

पुलिस के अनुसार शिकायत में कहा गया है कि जब प्रकाश कार को पीछे की ओर कर रहा था, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी ढलान में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए कुपवी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि प्रथम दृष्टया हादसा वाहन को लापरवाही और असावधानी से चलाने के कारण हुआ। इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा