सड़क से मलबा हटाते खाई में समाई जेसीबी, चालक की मौत

 




शिमला, 09 जून (हि.स.)। शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल में सड़क बहाली के दौरान एक हादसे में जेसीबी चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मंडी जिला के बलद्वारा निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला कांगल निवासी 42 वर्षीय कुशवंत के बयान पर दर्ज किया गया है।

बयान के अनुसार 8 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे चामगना सड़क पर सोडलू नाला के पास एक जेसीबी मशीन सड़क से मलबा और अवरोध हटाने का काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय चालक भी मशीन के साथ नीचे गिर गया।

इस दुर्घटना में जेसीबी चालक विजय कुमार (34) पुत्र बलबीर सिंह निवासी गांव बियूह मनोटला, डाकघर चौक, तहसील बलद्वाड़ा, जिला मंडी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा जेसीबी चलाते समय लापरवाही और असावधानी के कारण हुआ। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार की सुबह बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है औऱ दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा