रामपुर में वाहन पलटने से मजदूर की मौत, पांच घायल
शिमला, 06 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में शनिवार शाम एक वाहन के सड़क पर पलटने से एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जाखड़ी थाना क्षेत्र में थड़ा ढांक के पास हुआ।
मृतक की पहचान नेपाली मूल के जयलाल के रूप में हुई है। हादसे में प्रेम लाल जोशी, कैलाश, ललित, हरिलाल और वाहन चालक अनिल घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 50 वर्षीय प्रेम लाल जोशी के बयान पर दर्ज किया गया है। प्रेम लाल जोशी नेपाल के झाझरकोट जिले के पिपल चौतारा तहसील के अरसानी गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के किन्नू डाकघर के तहत थड़ा गांव में गोविंद सिंह के साथ रह रहे हैं। उनके बयान को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173 के तहत दर्ज किया गया है।
प्रेम लाल जोशी ने पुलिस को बताया कि 5 सितंबर को वह कैलाश, ललित, हरिलाल और जय लाल के साथ अनिल के रिश्तेदारों के यहां सेब तोड़ने के काम के लिए गए थे। काम के बाद सभी लोग अनिल के वाहन नंबर एचपी 92 ए 2211 से थड़ा लौट रहे थे। वाहन अनिल चला रहा था। प्रेम लाल जोशी और हरिलाल वाहन के अंदर बैठे थे, जबकि कैलाश, ललित और जय लाल वाहन के पीछे खुले मालवाहक हिस्से में बैठे थे।
पुलिस के मुताबिक शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर वाहन थड़ा ढांक के पास पहुंचा। आरोप है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। वाहन सड़क किनारे ढांक से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में पीछे खुले हिस्से में बैठे जय लाल वाहन के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा