शिमला में आधी रात खाई में गिरी कार, एक की मौत, चार घायल

 




शिमला, 26 जून (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बीती मध्यरात्रि एक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सफर कर रहे चार लोग घायल हो गए। हादसा जोगनी क्षेत्र में हुआ जब एक ऑल्टो के-10 कार सड़क से नीचे जा गिरी। मृतक औऱ सभी घायल एक ही गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार रामपुर के तकलेच पुलिस चौकी अंतर्गत गांव मुनिष बाहली के रहने वाले 29 वर्षीय जय प्रकाश पुत्र सुंदर लाल ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में कहा गया है कि 25 जून की रात करीब 11:45 बजे वह अपने गांव के ही पीकी राम, सरजन, ज्योति प्रकाश और ललित के साथ ऑल्टो के-10 कार (एचपी-06बी-5765) में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान जोगनी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे गिर गया।

हादसे के बाद वाहन में सवार सभी पांच लोगों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी) खनेरी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चालक पीकी राम (40) पुत्र भीषण को मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना में सरजन (36) पुत्र श्याम लाल, ज्योति प्रकाश (37) पुत्र रूप सिंह, ललित (27) पुत्र किशन और जय प्रकाश (29) पुत्र सुंदर लाल घायल हुए हैं। चारों का रामपुर के खनेरी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस में दर्ज बयान के अनुसार दुर्घटना चालक के वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण हुई। शिकायत में वाहन को लापरवाही और तेज गति से चलाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत रामपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच रामपुर थाना के तहत तकलेच पुलिस चौकी द्वारा की जा रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया का रहा है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा