शिमला : ट्रक के खड्ड में गिरने से चालक की मौत, हादसे से पहले कई गाड़ियों को मारी टक्कर
शिमला, 18 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार देर रात भद्राश के पास मछाड़ा खड्ड में हुआ, जहां एक ट्रक सड़क से नीचे गिर गया।
मृतक की पहचान आयुष के रूप में हुई है, जो शिमला के शोघी क्षेत्र के शिलगांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 17 मार्च की रात करीब 9:44 बजे हेल्पलाइन 112 पर सूचना मिली कि एक ट्रक खड्ड में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ट्रक (HP64A-9760) सड़क से करीब 30 से 35 फीट नीचे क्षतिग्रस्त हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू करते हुए चालक को बाहर निकाला और खनेरी अस्पताल पहुंचाया।
जांच में यह भी सामने आया कि हादसे से पहले ट्रक ने दत्तनगर इलाके में खड़ी कुछ गाड़ियों को टक्कर मारी थी, जिससे उन्हें नुकसान हुआ। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक की लापरवाही मानी जा रही है।
खनेरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया था। हालांकि, रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस थाना रामपुर में इस मामले में बीएनएस की धारा 281 और 125 (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा