(अपडेट) शिमला एचआरटीसी बस हादसे में एक की मौत, 24 घायल
शिमला, 09 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शुक्रवार सुबह एचआरटीसी की एक बस सड़क से नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के समय बस में कुल 25 लोग सवार थे। हादसा रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत रायशरण नामक जगह पर सुबह करीब आठ बजे हुआ। बस सनेई से रामपुर जा रही थी। दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर एचपी 06ए-5159 है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने हादसे में एक यात्री की मौत होने की पुष्टि की है। मृतक की पहचान वंश (20) पुत्र सुरेन्द्र सुरजन, निवासी गांव कराली, डाकघर डंसा, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद उसे खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल 24 लोगों को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। ज्यादातर घायल रामपुर के डंसा इलाके के निवासी हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद रामपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक और घायलों के नाम
हादसे में जान गंवाने वाले वंश के अलावा घायलों में हेमलता (47), पत्नी केयर सिंह, निवासी करली, डंसा, श्याम लाल जोशी (76) पुत्र नेता राम, निवासी जगुणी, डंसा, सेवाराम (38), पुत्र मोहन लाल, निवासी जगुणी, डंसा, सानवी (2), पुत्री करण सिंह, निवासी जगुणी, डंसा, राकेश कुमार (31), पुत्र सीताराम, निवासी करली, डंसा, भगवान साही (60), पुत्र स्वर्गीय कारन सिंह, निवासी जगुणी, डंसा, शाहिद (27), पुत्र तोफिक, निवासी कुटेशरा, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, रितिका (18), पत्नी हनी, निवासी जगुणी, डंसा, पूनम (28), पत्नी अविनाश, निवासी भाणा, डंसा, अविनाश (31), पुत्र लायक राम, निवासी भाणा, डंसा शामिल हैं।
अन्य घायलों में गुंजन (11) पुत्री श्यामलाल निवासी हलोग, खनेरी, कती देवी (53), पत्नी राकेश कुमार नेगी निवासी सनाली, डंसा, खुशी (22), पुत्री सुरेन्द्र नेगी, निवासी थाचवा, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू, अनाया (डेढ़ वर्ष), निवासी थाचवा, बस परिचालक संतोष कुमार (51) पुत्र बिशन दास डोगरा, निवासी घुमारवीं, जिला बिलासपुर और बस चालक पवन कुमार (42) पुत्र लेख राम, निवासी कुटेला, तहसील नयनादेवी जिला बिलासपुर शामिल हैं।
इसके अलावा प्रताप हुडन (50), पुत्र स्वर्गीय हुडन लाल निवासी सनेई, डंसा, गोपाल दास (65), पुत्र गुरु दास, निवासी जगुणी, डंसा, सुमित्रा (56) पत्नी अशोक चौहान, निवासी डंसा, पदम दास (42), पुत्र मीर दास, निवासी कराली, डंसा, पुष्पा देवी (46), पत्नी कौल राम, निवासी जगुणी, डंसा; मोहम्मद उजैल (34) पुत्र मोहम्मद नायम, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और प्रताप (30), पुत्र कृष्ण लाल, निवासी सनेई डंसा भी घायलों में दर्ज हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों में हर साल करीब एक हजार लोग अपनी जान गंवाते हैं। इस साल सिरमौर और चंबा जिलों में भी बस दुर्घटनाएं हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा