हिमाचल प्रदेश के मंडी में फोरलेन पर पलटी ट्रैवलर, पांच घायल

 

मंडी, 28 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पनारसा में फोरलेन पर एक तेज रफ्तार ट्रैवलर गाड़ी अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। इस हादसे में गाड़ी सवार करीब पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह हादसा मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनारसा क्षेत्र के समीप हुआ।

यह हादसा वीरवार सुबह उस समय हुआ जब गाड़ी मंडी से मनाली की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रैवलर पनारसा के क्षेत्र के एक मोड़ पर पहुंची तो अचानक गाड़ी अनियंत्रित सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गाड़ी सवार करीब पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत पास के नगवाईं अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनका उपचार चल रहा है। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार या मोड़ पर स्टीयरिंग से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा