हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर सडक हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत

 

नाहन, 06 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर मंगलवार बीती रात एक दर्दनाक कार हादसा पेश आया है, जिसमें एक युवक की जान चली गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यह दुर्घटना हरिपुरधार से महज एक किलोमीटर दूर रोनहाट रोड पर देर रात करीब 1:30 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। कार में दो युवक सवार थे। हादसे के वक्त लोग सो रहे थे, जिससे तुरंत मदद नहीं मिल सकी। हालांकि, घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए रात में ही अपने किसी परिचित को फोन कर सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में जगदीश कुमार (26 वर्ष), पुत्र रामलाराम, निवासी गांव जमना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथी वीरेंद्र चौहान (चालक) इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हुए हैं। घायल वीरेंद्र को तुरंत स्थानीय अस्पताल लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।

डीएसपी संगड़ाह विद्या चंद नेगी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर