पांवटा साहिब के बांगरण बाईपास पर सड़क हादसा, युवक की मौत
नाहन, 23 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब में बद्रीपुर चौक के समीप बांगरण बाईपास पर शनिवार देर रात एक भयानक सड़क दुर्घटना घटित हुई। तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से बाइक सवार एक 25 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान दुगाना गांव निवासी ऋतिक पुंडीर के रूप में हुई है।
घटना रात करीब 10 बजे के बाद की बताई जा रही है। ऋतिक पुंडीर अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी बांगरण बाईपास के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऋतिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उसके साथ बाइक पर मौजूद कमरऊ निवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद पांवटा साहिब पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया है।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर ट्राला चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती पड़ताल में हादसे का मुख्य कारण ट्राले की तेज रफ्तार को माना जा रहा है।मृतक ऋतिक पुंडीर के पिता कफोटा स्थित सरकारी स्कूल में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता हैं। जवान बेटे की अचानक हुई दुखद मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर