शिलाई में बोलेरो कैंपर हादसा, महिला की मौत, 9 घायल

 

नाहन, 29 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के थाना शिलाई क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर टिम्बी से कुराया की ओर जा रही थी। इसी दौरान चढ़ाई वाले रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से करीब 10 से 15 मीटर नीचे ढलान में जा गिरी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला। दुर्घटना में इन्द्र सिंह, तारा देवी, जीत सिंह, लीला देवी, केसो देवी, विनोद, कुलदीप सिंह, शकुंतला देवी और कर्ण घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से शकुंतला देवी, जीत सिंह और कर्ण को उपचार के लिए पांवटा साहिब भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने लीला देवी को मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चालक कुलदीप सिंह की लापरवाही और वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हुआ। पुलिस थाना शिलाई में चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला