त्रिलोकपुर में तेज रफ्तार ऑटो पलटा, मेले में जा रहे व्यक्ति की गई जान, चालक घायल
नाहन, 19 मार्च (हि.स.)। त्रिलोकपुर के समीप बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। मृतक की पहचान भारत भूषण पुत्र राजकुमार निवासी मकान नंबर 1301, वर्ड नंबर 3, मुखर्जी पार्क जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार भारत भूषण त्रिलोकपुर मेले में दुकान लगाने के लिए ऑटो रिक्शा में सामान लेकर जा रहा था। उसके साथ एक अन्य साथी भी सवार था। बुधवार रात जैसे ही ऑटो त्रिलोकपुर के पास पहुंचा, इसी बीच तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे में भारत भूषण और ऑटो चालक सुरेश कुमार पुत्र दीनानाथ वार्ड नंबर 18, विश्वकर्मा कालोनी, तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन भारत भूषण ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) और 106 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर