नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर निजी बस और कार के बीच टक्कर, दोनों तरफ लगा लंबा जाम

 




नाहन, 07 सितंबर (हि.स.)। नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे के आसपास निजी बस और कार के बीच टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन कार को काफी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि एक बाइक को बचाते वक्त बस और कार की टक्कर हो गई। गनीमत ये रही कि बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। इससे वाहन चालकों समेत कामकाजी और नौकरीपेशा लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार हादसा चंबाहा स्थित काली मंदिर के समीप पेश आया। सवारियों से भरी बस राजगढ़ से नाहन की ओर आ रही थी, जबकि दूसरी ओर से कार दोसड़का की ओर जा रही थी। जैसे ही दोनों वाहन चबाहां के समीप पहुंचे तो इनमें साइड की टक्कर हो गई। हादसे में कार के एक हिस्से को नुकसान हुआ है। जहां दुर्घटना हुई है, वहां पहाड़ी से मलबा भी सड़क पर गिरा है। बस अपनी साइड छोड़ निचली तरफ कार से टकरा गई।

इसके बाद सड़क पर दोनों तरफा लंबा जाम लग गया। इससे नाहन आने वाले मुसाफिरों के साथ साथ सराहां, कुमारहट्टी, शिमला और श्री रेणुकाजी की तरफ जाने वाले यात्रियों को कुछ समय के लिए दिक्कतें झेलनी पड़ीं। बहरहाल, हादसे में किसी को चोट नहीं है। दुर्घटना के बाद वाहन चालकों और यात्रियों ने अपने स्तर पर कार और बस को घटनास्थल से हटाने और जाम खोलने के प्रयास किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर