अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत

 

मंडी, 08 अगस्त (हि.स.)। मंडी-कुल्लू फोरलेन पर नगवाईं अस्पताल के समीप शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे स्थानीय लोगों ने नगवाईं अस्पताल के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना औट थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नेपाल निवासी रत्न बहादुर के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा