कुल्लू में पर्यटक ने राहगीर को रौंदा, मौत
कुल्लू, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के नग्गर में सोमवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक बुजुर्ग पैदल राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी छनाल्टी निवासी ओमप्रकाश ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि दिल्ली पंजीकरण नंबर (डीएल 12 सीयू 0584) की एक कार का चालक बेहद तेज रफ्तारी और कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहा था। नग्गर के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे पैदल जा रहे 60 वर्षीय रामकृष्ण को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि कार चालक बुजुर्ग राहगीर को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। इस दर्दनाक हादसे में रामकृष्ण को बेहद गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोचा
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से भागने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, घटना को देखकर मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर कार को घेरकर रोक लिया। आरोपी चालक की पहचान विक्रांत विज (29), निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू, मदन लाल ने बताया:
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह