डोहलूनाला में बस-स्कूटी की आमने-सामने टक्कर, युवक-युवती की मौत
कुल्लू, 26 अगस्त (हि.स.)। मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर डोहलूनाला के पास सोमवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक और युवती की मौत हो गई। हादसा राम परिवहन की बस और स्कूटी के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त की रात करीब 9:45 बजे डोहलूनाला टोल प्लाजा के समीप मनाली की ओर जा रही बस संख्या HP53A-5077 और सामने से आ रही स्कूटी संख्या HP31D-8012 की जोरदार टक्कर हो गई। बस चालक के अनुसार स्कूटी तेज रफ्तार में थी और गलत दिशा से आ रही थी।
हादसे में स्कूटी चला रही कशिश निवासी सेहली, जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठे आदित्य निवासी त्रिफालघाट जिला मंडी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेजा। पतलीकूहल पुलिस ने बस के परिचालक के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह